पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी में 900 किलोवाट क्षमता के साच पावर हाउस में तकनीकी खराबी को दूर कर दिया गया है। अमर उजाला में प्रमुखता के आधार पर खबर प्रकाशित होने के बाद विद्युत बोर्ड प्रबंधन ने हरकत में आते हुए व्यवस्था करवाकर पांगीवासियों को राहत प्रदान करवाई। अब कई दिन के बाद पांगी के तहत आतीं 14 पंचायतों फिंडरू, करयूनी, साच, फिंडपार, सेंचू, मिंधल, कुमार, परमार, रैई, चस्क भुटोरी आदि गांवों में बिजली की रोशनी से घर जगमगा उठे हैं।
गौरतलब है कि जनजातीय क्षेत्र पांगी सर्दी के मौसम में छह माह के लिए देश-दुनिया से पूरी तरह से कट जाता है। इतना ही नहीं इस मर्तबा तो मई में भी पानी में बर्फबारी का दौर चलता रहा। पावर हाउस में विद्युत उत्पादन बंद हो जाने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब विद्युत आपूर्ति सुचारु हो जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है। विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता राजीव ठाकुर ने बताया कि पांगी में बंद पावर हाउस को संचालित करवा दिया गया है।