चंबा। जिले के नदी-नालों के पानी की शुद्धता जांचने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पानी के सैंपल एकत्रित कर रहा है। बुधवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने जनजातीय क्षेत्र भरमौर में रावी नदी और बुद्धिल नाले से पानी के सैंपल एकत्रित किए।
इससे पूर्व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने चंबा शहर के प्राकृतिक पेयजल स्रोत और रावी नदी से पानी का सैंपल एकत्रित किया था। भरमौर के बाद टीम चुराह के नदी-नालों से पानी के सैंपल एकत्रित करेगी। ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि संबंधित क्षेत्रों के नदी-नालों के पानी में किसी प्रकार का प्रदूषण तो नहीं है, क्योंकि रावी नदी सहित अन्य नदी नालों के पानी को लोग पीने के लिए भी इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जिले के नदी-नालों के पानी की शुद्धता की जांच कर रहा है।
लॉकडाउन से पहले खज्जियार झील के पानी में प्रदूषण पाया गया था। इसे लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वन्य प्राणी विभाग को जरूरी गाइडलाइन जारी की थी। गाइडलाइन के अनुसार झील के चारों तरफ गंदगी रोकने की व्यवस्था करने के बाद झील का पानी स्वच्छ हो चुका है। जिले के कई नदी नालों पर हाइड्रो प्रोजेक्ट संचालित हैं। इन हाइडल प्रोजेक्टों की वजह से पानी में प्रदूषण न फैल रहा हो इसे लेकर भी जांच पड़ताल की जा रही है। एकत्रित किए सैंपलों को जांच के लिए धर्मशाला में भेजा जाएगा।
सभी नदी-नालाें से लिए जाएंगे सैंपल
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि रावी नदी सहित अन्य नदी-नालों के पानी के सैंपल एकत्रित किए जा रहे हैं, ताकि पानी की शुद्धता की जांच की जा सके। जिले के सभी नदी नालों से पानी के सैंपल एकत्रित किए जाएंगे।