चंबा। कोरोना कर्फ्यू में सड़कों पर अनावश्यक वाहनों को दौड़ाने वाले चालकों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने जगह-जगह नाके लगा रखे हैं। चंबा-भरमौर एनएच पर पुलिस ने शुक्रवार को मंदिर के पास भी नाका लगाया था।
इस दौरान हर आने-जाने वाले से पूछताछ की जा रही है। चालकों से कर्फ्यू पास या वाहन लेकर जाने का कारण पूछा जा रहा है। अनावश्यक तौर पर गाड़ी लेकर घूमने वाले लोगों को वहीं से लौटाया जा रहा है। इसके साथ ही जो लोग कोरोना कर्फ्यू के नियमों की अवहेलना कर रहे हैं, उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी कर रही है।
इस दौरान चालकों के चालान भी काटे जा रहे हैं। शनि मंदिर के अलावा अन्य जगह भी पुलिस का पहरा लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि सड़कों पर अनावश्यक गाड़ी दौड़ाने वाले चालकों के चालान काटे जा रहे हैं। कोरोना कर्फ्यू में लोगों को अनावश्यक घरों से बाहर न निकलने के लिए कहा जा रहा है।