चंबा। दुकानों से बाहर सामान सजाने वालों पर पुलिस विभाग का डंडा चल पड़ा है। पुलिस टीम ने इरावती चौक से लेकर शहर भर में दुकानों के बाहर सामान सजाने वालों का सामान दुकानों के भीतर करवाया। साथ ही दोबारा सड़क पर सामान सजाने पर उनका सामान जब्त करने की चेतावनी दी। पुलिस विभाग के पास पहुंची शिकायतों के बाद ही अब पुलिस विभाग ने सख्ती करनी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि वैश्विक महामारी के दौरान शहरों में भीड़भाड़ को कम करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में शहर में पहुंचने वाले लोगों को अक्सर दुकानों के बाहर सड़क सामान सजे होने के कारण आवाजाही करने में परेशानी होती है।
लिहाजा, लोगों को सड़क के बीचोंबीच होकर गुजरना पड़ता है। दुकानदारों ने सड़कों पर सामान सजाने की कई शिकायतें प्रशासन के पास भी पहुंची हैं। ऐसे में अब पुलिस विभाग ने ऐसे दुकानदारों पर लगाम कसना शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने शहर के दुकानदारों से सड़क पर सजाए गए सामान को दुकानों के भीतर तक सिमटाया। इसके साथ ही उन्हें चेताया कि दोबारा सड़क पर सामान सजाया तो उनका सामान जब्त कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने कहा कि दुकानों के बाहर सामान सजाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती करनी शुरू कर दी है। पुलिस विभाग ने शुक्रवार को शहर में अभियान चलाकर ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की।