गांव में चप्पे-चप्पे पर बंदूकों के साथ डटे रहे पुलिस जवान, सुरक्षा घेरा कसा
आरोप, चुनावों में बताए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करना प्रभावितों को पड़ा भारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। पंचायत चुनाव के बाद उपजे विवाद और हिंसा की घटनाओं ने चुराह क्षेत्र को इस कद्र प्रभावित किया कि अब पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील नजर आ रहा है।
मकान जलाने की घटना के बाद हालात सामान्य दिखने के बावजूद हर मोड़ पर सुरक्षा बल तैनात हैं और गांवों में शांति बनाए रखना अब प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता बन गई है।
बताया जा रहा है कि पंचायत चुनाव में बताए गए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान न करने पर प्रभावितों को इसका नुकसान उठाने को लेकर तैयार रहने की धमकी मिली थी। इसे हल्के में लेना प्रभावितों को भारी पड़ गया। उधर, वीरवार को क्षेत्र छावनी में तब्दील नजर आया। क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान बंदूकों के साथ डटे नजर आए। हालांकि, क्षेत्र में किसी प्रकार की अशांति नजर नहीं आई। पुलिस बल किसी भी प्रकार की अशांति से निपटने के लिए मुस्तैद ही नजर आया। बताया जा रहा है कि आरोपी जमानत करने के लिए यहां-वहां भाग रहे हैं। सनवाल पंचायत के आयल समेत आस-पास के क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाने के लिए सुरक्षा चौकी सनवाल से 6 पुलिस जवान और दूसरी पुलिस चौकी से 6 पुलिस जवान, किहार थाना से थाना की टीम में एक अधिकारी समेत 5 जवान, नकरोड़ पुलिस चौकी से 4 पुलिस जवान, तीसा थाना से एएसआई, सब इंस्पेक्टर, मुख्य आरक्षी, आरक्षी, गृह रक्षक जवान, समेत मुख्यालय से पहुंची एक रिजर्व में 30 जवान सनवाल पंचायत के तहत आते आयल समेत आस-पास के गांवों में तैनात हैं। पुलिस जवान 24 घंटे निगरानी कर व्यवस्था और शांति व्यवस्था कायम रखने को लेकर तैनात हैं। पुलिस शिकायत के आधार पर तफ्तीश में जुटी हुई है।
उधर, एसपी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि आयल गांव में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस बल चप्पे चप्पे पर तैनात है। पुलिस टीमें ग्रामीणों से मिल कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रही हैं।