चंबा के ककीरा नाग मदिंर के पास जंगल में भड़की आग से उठती लपटें।संवाद
डलहौजी (चंबा)। ककीरा नाग मंदिर के पास जंगल में शरारती तत्वों ने सोमवार देर शाम को आग लगा दी। सूखी घास में देखते ही देखते आग ने कई किलोमीटर का दायरा घेर लिया।
जंगल में भड़की आग से चीड़ के पेड़ भी धूं-धूं कर जलते रहे। डीएफओ और एसीएफ डलहौजी की अगुवाई में विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। टीमों ने झाड़ियों के लट्ठ बनाकर आग को बुझाने का काम शुरू किया। कई किलोमीटर दायरे में फैली आग को बुझाने में घंटों बीत गए। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम भी आग बुझाने में जुट गई। रात करीब 10:00 बजे आग बुझाने के बाद टीमें वापस लौटीं। जंगल में आग लगाने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ वन विभाग पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाएगा।
डीएफओ डलहौजी रजनीश महाजन ने बताया कि ककीरा जंगल में आग लगने की सूचना मिलते ही उनकी अगुवाई में एसीएफ रवि गुलेरिया, बकलोह रेंज की टीम, बीओ समेत नैनीखड्ड और डलहौजी के वनरक्षकों ने मिलकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया। फायर ब्रिगेड की टीम और वन विभाग की टीम संयुक्त रूप से जंगल की आग को बुझाने में जुट गई। रात दस बजे आग पर काबू पाया गया। जंगल में आग लगाने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।