भरमौर (चंबा)। श्री मणिमहेश यात्रा के तहत शनिवार को भी श्रद्धालुओं का पवित्र मणिमहेश धाम एवं कैलाश पर्वत के दर्शन के लिए जाने का क्रम जारी रहा। यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। भरमौर के एसडीएम अजय कुमार सिंह ने बताया कि हड़सर से मणिमहेश पैदल यात्रा मार्ग के माध्यम से शाम छह बजे तक लगभग 3000 श्रद्धालु पवित्र कैलाश के दर्शन के लिए रवाना हुए। श्रद्धालुओं ने निर्धारित पैदल मार्ग से मणिमहेश धाम की ओर प्रस्थान किया। उन्होंने बताया कि शनिवार को भरमौर से गौरीकुंड के लिए हेली टैक्सी की 57 उड़ानें भरी गईं। इनमें भरमौर से गौरीकुंड के लिए हेली टैक्सी सेवा के माध्यम से भी 303 श्रद्धालुओं ने यात्रा की। एसडीएम ने यह भी बताया कि होली से मणिमहेश वाया कलाह पैदल यात्रा मार्ग से शाम 4 बजे तक 32 श्रद्धालु कैलाश दर्शन के लिए रवाना हुए। इस वैकल्पिक पैदल मार्ग से भी श्रद्धालु मणिमहेश धाम की यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन मणिमहेश यात्रा के दौरान पैदल मार्गों, चिकित्सा सेवाओं, यातायात व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं पर लगातार निगरानी रख रहा है।