अमर उजाला में प्रकाशित खबर।संवाद
तेलका (चंबा)। मौड़ा बाजार और तेलका सरकारी स्कूल के बाहर लगे कूड़े के ढेर को पंचायत प्रतिनिधियों ने हटा दिया है। उपायुक्त के आदेशों के बाद ग्राम पंचायत सालवां और मौड़ा के प्रतिनिधि हरकत में आए।
रविवार को दोनों पंचायतों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से सफाई अभियान चलाया। ऐसे में अब कूड़े के ढेर को हटा दिया है। इसके चलते स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार दो अक्तूबर को पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वच्छता अभियान चलाया था। इसके तीन दिन बाद फिर से यहां कूड़े के ढेर लग गए थे। पंचायत प्रतिनिधियों से पूछा गया तो एक दूसरे पर कूड़ा फेंकने की बात कहने लगे। स्कूल के सामने गंदगी के ढेर होने से विद्यार्थियों को भी परेशानी हो रही थी। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। रविवार को उपायुक्त ने इस मामले पर कड़ा संज्ञान लिया और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश जारी किए।
इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने सफाई अभियान चलाकर कूड़े के ढेर को हटा दिया है। गौरतलब है कि आठ अक्तूबर को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि यह मामला ध्यान में आया था। अब व्यवस्था दुरुस्त कर दी है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वे क्षेत्र को साफ सुथरा रखें।