खज्जियार झील मैदान में खुले में लगे कचरे के ढ़ेर। संवाद।
लोगों ने वन्य प्राणी विभाग से वहां सफाई करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल की सुंदरता को कचरे के ढेर ग्रहण लगा रहे हैं। झील मैदान में रखे कूड़ेदानों के बाहर कचरे के ढेर लगे हैं लेकिन वन्य प्राणी विभाग उन्हें साफ नहीं करवा रहा।
ईको टूरिज्म सोसायटी करोड़ों रुपये लक्कड़मंडी और मियाड़ी बैरियर की नीलामी से कमाती है लेकिन इस पैसे का इस्तेमाल स्वच्छता में नहीं हो रहा है। इसको लेकर स्थानीय लोगों काफी नाराजगी है। मैदान में खाद्य उत्पादों का कारोबार करने वाले लोग दिन भर जमा होने वाला कचरा कूड़ेदान में फेंकते हैं। पर्यटक भी खाने-पीने के खाली लिफाफे वहां फेंकते हैं लेकिन पिछले कुछ दिनों से कूड़ेदान के बाहर कचरे के ढेर लग रहे हैं।
स्थानीय लोगों में रिंकू, सन्नी कुमार, चमन सिंह, रवि कुमार, टेक चंद और प्यार चंद ने बताया कि स्थानीय लोग वातावरण स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में हरसंभव सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने विभाग से भी मांग की है कि झील मैदान और आस-पास का वातावरण स्वच्छ बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाएं। उधर, वन्य प्राणी विभाग के बीओ धीरज कुमार ने बताया कि कचरे को जल्द साफ करवाया जाएगा।