करियां में स्वच्छता अभियान को ठेंगा दिखा रहे कूड़े के ढेर
चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगती करियां पंचायत में लगे कूड़े के ढेर भारत सरकार के स्वच्छता अभियान को ठेंगा दिखा रहे हैं। पंचायत के मुख्य बाजार में सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे हैं। इनमें मवेशी मुंह मारते रहते हैं। रोजाना यहां कूड़ा-कर्कट फेंका जा रहा है। हैरानी इस बात की है कि पंचायत की तरफ से गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। यही कारण है कि स्थानीय लोग अपने घरों का कूड़ा-कर्कट एनएचपीसी गेट के पास मुख्य सड़क किनारे फेंक रहे हैं। इससे वहां कूड़े के ढेर जमा हो चुके हैं। करियां पंचायत को निर्मल पंचायत का पुरस्कार भी मिल चुका है। जिस प्रकार से यहां गंदगी फैली हुई है, उसे देख यही लगता है कि पंचायत को यह पुरस्कार देना गलत है, क्योंकि पंचायत में गंदगी के अंबार लगे हों और उसे निर्मल स्वच्छ पंचायत का पुरस्कार मिल जाए। पंचायत प्रतिनिधियों को इस दिशा में उचित कदम उठाने की आवश्यकता है। संवाद