चंबा। ट्रक ऑपरेटरों और चालकों की हड़ताल के चलते पेट्रोल और डीजल की किल्लत शुरू हो गई है। सोमवार को लोग 500 रुपये का पेट्रोल भरवाने गए तो उन्हें 200 रुपये का ही पेट्रोल मिल पाया।
लोग इस बात से वाकिफ हैं कि हड़ताल लंबी चल सकती है। ऐसे में दोपहिया और चौपहिया वाहनों में पर्याप्त पेट्रोल और डीजल भरवा रहे हैं।
सोमवार को शहर के साथ जुलाहकड़ी, सुल्तानपुर, भद्रम, कोटी, खड़ामुख, बनीखेत और गोली स्थित पेट्रोल पंपों में खासी भीड़ दिखी। जो लोग 200 का पेट्रोल डलवाते थे, वही हड़ताल के चलते अब 500 रुपये का पेट्रोल डलवा रहे हैं। गौरतलब है कि सरकार की ओर से बनाए गए कानून का चालक और ट्रक ऑपरेटर विरोध कर रहे है। इसको लेकर जगह-जगह प्रदर्शन हो रहे हैं। बहरहाल, चालक यह मांग कर रहे है कि यह कानून हटाया जाए।
पेट्रोल की खरीद के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। बताया कि उन्हें उनकी डिमांड के मुताबिक पेट्रोल और डीजल नहीं मिल रहा है। हड़ताल कब तक रहेगी, इसका कोई अंदाजा नहीं है।
- योगेश कुमार, वाहन चालक
पेट्रोल पंप में वे पांच सौ का पेट्रोल भरवाने गए। पंप में कार्यरत कर्मचारी ने उन्हें सिर्फ 200 रुपये का ही पेट्रोल डाला। पेट्रोल पंपों में डीजल और पेट्रोल की किल्लत चल रही है।
- शिव कुमार, वाहन चालक।
चालक अपनी मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। इससे जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। ऐसे में लोग एडवांस में पेट्रोल और डीजल भरवा रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी न हो।
- पप्पू मियां, वाहन चालक
टैक्सी चलाकर वे अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। अब पेट्रोल न मिलने के कारण दिक्कतें बढ़ गई हैं। अब डिमांड के अनुसार पेट्रोल जिले में उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
- नीरज कुमार, वाहन चालक
निजी बस ऑपरेटर यूनियन के प्रधान मनोज कुमार ने कहा कि उनकी हड़ताल सरकार की ओर से बनाए गए कानून के खिलाफ है। यूनियन इस कानून में संशोधन की मांग कर रही है। सरकार इस मांग को लेकर ध्यान दें।