तीसा चंबा। चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत आते पेट्रोल पंपों में तेल खत्म हो चुका है। चार दिनों से चंबा-तीसा मार्ग के बंद होने से तेल के टेंकरों का क्षेत्र में न पहुंच पाना इसका मुख्य कारण बताया जा रहा है। तेल के अभाव में अब आलम, ये है कि जल्द जगह गाड़ियों, दोपहिया वाहनों में तेल खत्म होने पर चालक मजबूरन सड़क किनारे ही इन्हें खड़े करने को विवश हैं। बहरहाल, वाहन चालकों को अब अपने वाहनों की चोरी होने की चिंता सताने लग पड़ी है। चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर कल्हेल के समीप तेल के तीन से चार टेंकर फंसे हुए हैं। ऐसे में अब यदि आगामी समय में मार्ग के बहाल न होने की सूरत में वाहन चालकों की चिंताएं काफी बढ़ने वाली हैं।
गौर रहे कि भारी बारिश ने चुराह वासियों की चिंताओं को बढ़ाने का काम किया है। मूसलाधार बारिश के चलते जगह-जगह खेत गेंहू की फसल समेत ही बह चुकी है। इसके अलावा क्षेत्र में पंजीकृत अमूमन छह हजार वाहन चालकों की भी मुसीबतें काफी बढ़ गई है। चुराह क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल का खत्म हो जाना इसकी वजह है। पेट्रोल-डीजल के अभाव में पेट्रोल पंपों पर पहुंचने वाले वाहन चालकों को निराशा ही हाथ लग रही हैं। जहां से उन्हें मायूस होकर ही लौटना पड़ रहा है। चार दिनों से पेट्रोल पंपों के तेल से भरे टेंकर कल्हेल के समीप मार्ग बंद होने के कारण फंसे हुए हैं। ऐसे में अब क्षेत्र में वाहन होते हुए भी उसे चलाना वाहन चालकों के लिए चुनौती बना हुआ है।
इनसेट
उपमंडलाधिकारी नागरिक जोगेंद्र पटियाल ने बताया कि मार्ग को बहाल करने के लिए विभागीय मशीनरी और मेन पावर जुटी हुई है। मार्ग के जल्द बहाल होने की उम्मीद है।