मोटर दुर्घटना दावे न्यायाधिकरण चंबा द्वितीय रमणिक शर्मा की अदालत ने सुनाया फैसला
न्यायाधीश ने गवाहों और सबूतों को मद्देनजर रखते हुए खारिज कर दी है याचिका
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मोटर दुर्घटना दावे न्यायाधिकरण चंबा-द्वितीय रमणिक शर्मा की अदालत ने मोटर वाहन दुर्घटना में 25 लाख के मुआवजा राशि 15 प्रतिशत ब्याज दर से अदा करने के दावे की याचिका खारिज कर दी।
न्यायालय में दायर याचिका में मृतक के परिजनों ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 166 के तहत 25 लाख रुपये 15 प्रतिशत ब्याज दिए जाएं।
न्यायालय में परिजनों ने बताया कि मृतक राजमिस्त्री था। उसकी आय 30,000 रुपये प्रतिमाह थी। उन्होंने बताया कि सभी स्रोतों से मृतक दुर्घटना के समय 35 साल का था। उन्होंने बताया कि जेसीबी चालक की लापरवाही के कारण दुर्घटना हुई और उनके परिवार के सदस्य की मौत हुई। 29 दिसंबर 2021 को शाम करीब 4 बजे भदकवास मार्ग से होकर पूर्ण चंद गुजर रहा था। अचानक जेसीबी चालक की लापरवाही के कारण उस पर मलबा और जेसीबी आ गिरी। इस कारण उनकी मौत हुई। बहरहाल, अधिवक्ता ने न्यायालय में मृतक के परिजनों को उचित सहायता राशि देने की मांग उठाई। चालक के अधिवक्ता ने न्यायालय में अपना जवाब दायर किया कि 29 दिसंबर 2021 को शाम चार बजे के करीब जेसीबी मशीन शुआ-भदकवास मार्ग कार्यरत थी। इसी दौरान पूर्ण चंद वहां सड़क पार करने का इंतजार कर रहे थे। अचानक पहाड़ी से जेसीबी मशीन और उनपर मलबा आ गिरा। इससे पूर्ण चंद और एक अन्य व्यक्ति गहरी खाई में जा गिरे। इसमें जेसीबी चालक का कोई लेना-देना नहीं हैं। न्यायाधीश ने समस्त गवाहों-सबूतों को मद्देनजर रखते हुए याचिका खारिज कर दी है।