प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा की ओर से जांच के बाद की इस मामले में कार्रवाई
निलंबित जेबीटी का कल्हेल और पीईटी का उदयपुर किया हेडक्वार्टर निर्धारित
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले के शिक्षा खंड भरमौर और बनीखेत में तैनात पीईटी और जेबीटी शिक्षकों को भारी पड़ गया है। प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा ने दोनों शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया है।
शिक्षा विभाग की ओर से यह कार्रवाई शिकायतों के आधार पर की गई। निलंबित जेबीटी का हेडक्वार्टर खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय कल्हेल निर्धारित किया गया है। पीईटी का हेडक्वार्टर उदयपुर निर्धारित किया गया है।
जानकारी के अनुसार जेबीटी शिक्षा खंड बनीखेत के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला स्वागलू में तैनात रहा। निलंबित पीईटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौबिया में तैनात रहा। शिक्षकों पर आरोप है कि वे स्कूल शराब पीकर पहुंचते हैं। इससे शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है। साथ ही स्कूल समय पर भी यह शिक्षक नहीं पहुंच रहे थे। हालांकि, विभाग की ओर से इन शिक्षकों को दिशा-निर्देश भी जारी किए गए मगर इन निर्देशों को शिक्षकों ने हल्के में लिया। लिहाजा, शिकायत के आधार पर अब इन शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से स्कूलों में हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी विभाग की ओर से नियमों की अवहेलना और गंभीरता से ड्यूटी पर न करने पर कार्रवाई की जा चुकी है।
—
कार्यकारी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने बताया कि एक पीईटी और जेबीटी को निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल में शराब पीकर आने और देरी से पहुंचने के चलते यह गाज शिक्षकों पर गिरी है। निलंबित अध्यापकों के मुख्यालय तय कर दिए गए हैं।
—