चंबा। जिले में किसानों को गेहूं की थ्रेसिंग करने के लिए मशीन को दूसरे गांव में ले जाने से पहले प्रशासन की अनुमति लेेनी होगी। आतमा परियोजना के निदेशक ने इस संदर्भ में फील्ड अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि फील्ड अधिकारी इस बारे में किसानों को जागरूक करें।
इसके साथ ही गेहूं की फसल थ्रैसिंग करवाने के दौरान सामाजिक दूरी का भी विशेष ध्यान रखें। इससे किसी प्रकार का संक्रमण न फैल सकें। सोमवार को विभाग के फील्ड अधिकारियों की बैठक ऑनलाइन आतमा ऐप पर हुई। इसकी अध्यक्षता आतमा परियोजना निदेशक बीएस भट्ट ने की। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों के फील्ड अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को रखा।
उन्होंने बताया कि आगामी दस से 12 दिनों के भीतर जिले में गेेहूं की फसल तैयार होने वाली है। ऐसे में थ्रैसिंग का काम भी शुरू होगा। ज्यादातर गांवों में थ्रैसिंग मशीनें लोगों के पास हैं। मगर कुछ गांव ऐसे भी हैं जहां, थ्रैसिंग मशीनें नहीं है।
ऐसे उन्हें थ्रैसिंग करने के लिए मशीन दूसरे गांव से लानी पड़ती है। मगर इस बार उन्हें मशीन दूसरे गांव लाने के लिए प्रशासन की अनुमति लेनी होगी। इसके बाद किसान सामाजिक दूरी का पालन करते हुए गेहूं की फसल की थ्रैसिंग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में फसल सबसे पहले भटियात क्षेत्र में तैयार होगी।