चांजू में आईएनर्जी परियोजना के खिलाफ प्रभावितों की हड़ताल खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। प्रभावित मुआवजे को लेकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ हड़ताल कर रहे हैं। परियोजना निर्माण के कार्य के दौरान दलींजन गांव में काफी नुकसान हुआ है। लोगों के घरों में दरारें पड़ गई हैं। कई लोगों के घर इतने ज्यादा क्षतिग्रस्त हो चुके हैं कि वे अपने घरों में नहीं रह सकते। इसलिए वे अपने रिश्तेदारों के घरों में रहने को मजबूर हैं।
कंपनी प्रबंधन ने प्रभावितों को उचित मुआवजा देने का वादा कर रखा था लेकिन अभी तक कंपनी ने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा नहीं दिया है। इस बात को लेकर प्रभावित परिवारों में काफी रोष है।
प्रभावितों में मुसदी राम, राम लाल, झंडा राम और लाल चंद ने बताया कि कंपनी प्रबंधन के खिलाफ उनकी हड़ताल 11वें दिन में पहुंच गई है लेकिन अभी तक कंपनी प्रबंधन ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि परियोजना के निर्माण से कई परिवार बेघर हो गए हैं परंतु उन्हें अभी तक उचित मुआवजा नहीं मिल पाया है। प्रशासन की ओर से हर बार उन्हें आश्वासन ही मिलता है। उन्होंने कहा कि वे तब तक अपनी हड़ताल को खत्म नहीं करेंगे, जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा। उधर, कंपनी प्रबंधन ने प्रशासन के साथ मिलकर दोबारा से मुआयना करवाने और मुआवजा देेने की बात दोहराई है।