राजस्व कार्य करवाने को लगानी पड़ रही चुहन के बाशिंदों को दस किमी दौड़
पटवार कार्यालय भवन की मरम्मत कार्य के दौरान चुहन से सुदली किया शिफ्ट
मरम्मत कार्य पूरा हुए आठ माह बाद भी चुहन में नहीं चल रहा है पटवार कार्यालय
पार्थ शर्मा बनीखेत (चंबा)। ग्राम पंचायत चुहन के ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्य करवाने के लिए दस किलोमीटर का सफर तय कर सुदली का रुख करना पड़ रहा है। मरम्मत कार्य के चलते डेढ़ वर्ष पूर्व पटवार कार्यालय को चुहन से सुदली स्थानांतरित किया गया था।
कार्यालय भवन की मरम्मत पूरी होने के बाद भी पटवार कार्यालय चुहन में आरंभ नहीं हो पाया है। इससे लोगों को राजस्व कार्यों को निपटाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने पटवार कार्यालय चुहन को खोलने की मांग की है। चुहन पंचायत के गांव गढ़, खुई, तलाड़, मिहनु और कंडेई के बाशिंदे अपने राजस्व संबंधी कार्यों को निपटाने के लिए पटवार कार्यालय चुहन पर निर्भर हैं। बावजूद इसके उन्हें राजस्व संबंधी कार्य निपटाने के लिए सुदली पंचायत का रुख करना पड़ रहा है। चुहन पटवार कार्यालय की दशा काफी खस्ता होने के बाद इसकी मरम्मत का कार्य आरंभ करवाया गया। मरम्मत कार्य पूरा होने के आठ माह बाद भी कार्यालय को दोबारा शिफ्ट न किया जाना लोगों की चिंता का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों प्रताप चंद, उषा देवी, निशु कुमार, निर्मल कुमारी, चैन सिंह, अनिल कुमार, बलदेव राज, संसार चंद, राम पाल, राकेश कुमार, मनोज कुमार, सुरेंद्र कुमार, दिलीप कुमार, विपिन कुमार, संजीव कुमार आदि ने बताया कि चुहन में पटवार कार्यालय पहले की तरह ही क्रियान्वित होने से लोगों को राहत मिलेगी।
उपमंडल अधिकारी जगन ठाकुर ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। कार्यालय को चुहन में दोबारा आरंभ करने के बारे में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जल्द लोगों को पहले की तरह ही राजस्व संबंधी कार्य करवाने के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा।