मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर नए मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। जिलेभर में विशेष प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके आयोजन को लेकर उपमंडल अधिकारी अरुण शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को उनके कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। उपमंडल अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के तहत जिला स्तरीय समारोह का आयोजन पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में सभागार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त डीसी राणा करेंगे। उन्होंने बताया कि यह समारोह प्रात: 11:00 बजे से शुरू होकर दोपहर तक चलेगा।
उपमंडल एवं बूथ स्तर पर मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित करने के साथ 18 से 19 वर्ष की आयु के भावी पंजीकृत मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित कर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर मतदाताओं को अपने मताधिकार का सही प्रयोग करने की शपथ भी दिलाई जाएगी। समारोह में पंजीकृत मतदाताओं, बूथ लेवल अधिकारियों और क्षेत्र की शिक्षण संस्थाओं के प्रतिभागियों को आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन प्रताप सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार संजय शांडिल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।