चंबा के सरोथा नाला के पास टूटी पानी की पाईप लाईन को सुचारू करने में जुटे कर्मचारी।संवाद
चंबा। पेयजल उपभोक्ताओं की प्यास बुझाने वाले जलशक्ति विभाग के कार्यालय समेत जुलाहकड़ी, हरदासपुरा, सपड़ी, धड़ोग और कसाकड़ा में दो दिन से पानी की बूंद तक नहीं टपकी। सरोथा में टूटे आठ इंच के पेयजल पाइप की मरम्मत करने के बाद पानी के प्रेशर से पाइप दोबारा टूट गई है। बहरहाल, जलशक्ति विभाग की टीम ने मरम्मत किए गए पाइप को बदल कर अब नया पाइप बिछा दिया है। इसके तहत अब शनिवार से सभी मोहल्लों में पेयजल की सुचारु रूप से सप्लाई करने के विभागीय अधिकारी दावा कर रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते दिनों हरदासपुरा-टीवी वार्ड-ककियां मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से गुल्यानी से शहर के लिए बिछाई गई पेयजल की दस और आठ इंच की लाइनें भी जमींदोज हो गईं। इससे शहर में पेयजल के लिए हाहाकार मच गया। मार्ग बंद होने के दूसरे ही दिन वैकल्पिक मार्ग बनते ही जलशक्ति विभाग के कर्मी भी लाइनों के मरम्मत कार्य में जुट गए। कर्मियों ने आठ और दस इंच की लाइनों की मरम्मत करवाकर पानी की आपूर्ति को बहाल कर दिया लेकिन, पेयजल की आठ इंच की पाइप की मरम्मत के बाद पानी के प्रेशर से यह लाइन दोबारा टूट गई। हांलाकि, दस इंच पेयजल लाइन से शहर के अधिकांश हिस्से में पेयजल सप्लाई को सुचारु कर दिया गया। पेयजल आपूर्ति हरदासपुरा, कसाकड़ा, धड़ोग, सपड़ी और जुलाहकड़ी में बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह ही लोग प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी कंधों पर उठाकर और वाहनों के जरिये ढोते नजर आए। जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राजिंद्र सिंह ने बताया कि पेयजल की आठ इंच की पेयजल लाइन को सुचारु करवा दिया गया है। बताया कि जिन मोहल्लों में दो दिन से पानी की सप्लाई नहीं हो रही थी। भंडारण टैंक भरने पर देररात वहां पानी पहुंचाया जाएगा। बहरहाल शनिवार से पूरे शहर में नियमित तौर पर पानी की सप्लाई पहले की तरह दी जाएगी।