सरोल (चंबा)। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर वाहनों की पासिंग के कारण परेल से लेकर उदयपुर तक करीब साढे़ तीन घंटे तक जाम लगा रहा। तड़ोली के पास हाईवे के दोनों ओर माल वाहक वाहनों का पार्क करना इसकी वजह रहा। हाईवे पर लगे वाहनों के जाम के कारण अपने गंत्वयों का रुख करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आखिरकार सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची यातायात पुलिस के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर लगे जाम को दोपहर एक बजे के करीब खुलवाया। दोपहर बाद सरू में पासिंग का दौर आरंभ हुआ जिससे सरू के पास भी देरशाम तक वाहनों का जाम लगता और खुलता रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने तड़ोली और सरू के बजाय खुले मैदान में वाहनों की पासिंग करवाने की मांग की है। ग्रामीणों अमित कुमार, किशन चंद, दिलीप कुमार, कन्हैया राम, प्रमोद कुमार, प्रहलाद, दिनेश कुमार आदि ने बताया कि तड़ोली में शनिवार सुबह हाईवे के दोनों किनारों पर छोटे-बड़े वाहनों के पार्क होने से जाम लगना शुरू हो गया। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे शिक्षण संस्थानों के लिए निकले विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी हुई। उन्होंने खुले मैदान में वाहनों की पासिंग करवाने की मांग की है।