सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत सिंगाधार में पिछले दस दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से नाराज लोगों ने जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी। लोगों का कहना है कि पेयजल आपूर्ति बाधित होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि लोग नौ किमी दूर नाले से पानी मालवाहक वाहनों में ढोने को मजबूर हैं।
सोमवार को जब ग्रामीण अपनी समस्या को लेकर सहायक अभियंता के कार्यालय में पहुंचे तो उन्हें वहां पर कोई अधिकारी नहीं मिला। इस वजह से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी।
ग्रामीण लेखराज, व्यास देव, माया देवी, प्रेमी, सुनीती, प्यार चंद, जर्म सिंह और नरेश कुमार ने बताया कि पंचायत में पिछले दस दिनों से पानी की बूंद नहीं टपकी है। लोग पैसों से माल वाहक वाहन करके नौ किमी दूर दुधेरी नाले से पानी ढो रहे हैं।
इसकी वजह से ग्रामीण काफी परेशान हैं। विभागीय कर्मचारियों को समस्या के बारे में कई बार अवगत करवा चुके हैं। मगर समस्या जस की तस बनी हुई है। अब ग्रामीणों ने विभाग को पांच दिनों का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।