चंबा। जिले में रहने वाले बाहरी राज्यों के लोग भी अब डिपुुओं से राशन ले सकेंगे। एक देश एक राशन की व्यवस्था चंबा में लागू कर दी गई है। इस संदर्भ में जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से डिपो संचालकों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
आदेशों के मुताबिक प्रवासी लोगों के आधार कार्ड के तहत उन्हें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) 2013 के तहत यह सौगात मिलेगी। सरकार की ओर से इस तरह की व्यवस्था शुरू करने का मकसद प्रवासी लोगों को राहत पहुंचाना है। गौरतलब है कि जिले में काफी संख्या में प्रवासी लोग गुजर-बसर कर रहे हैं लेकिन, बाहरी राज्यों का निवासी होने के चलते उन्हें डिपुओं से राशन की व्यवस्था नहीं हो रही है। उन्हें निजी दुकानों से महंगे दामों पर खाद्य सामग्री खरीदनी पड़ रही है। इनमें अधिकतर लोग दिहाड़ीदार हैं।
सरकार की ओर से अब इन लोगों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत उचित दरों पर राशन उपलब्ध करवाया जाएगा, जिससे जिले में रह रहे सैकड़ों प्रवासी परिवारों को लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि सरकार की ओर से एक देश एक राशन कार्ड योजना का आगाज किया गया है। इसके तहत प्रवासी लोगों को सस्ते राशन की आपूर्ति की जा रही है। जिले में भी इस योजना का प्रचार-प्रसार विभाग ने शुरू कर दिया है।
साथ ही कार्यालय से फील्ड से संबंधित ब्योरा मांगा है। इसके आधार पर प्रवासी परिवारों को राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अरविंद शर्मा ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि डिपो संचालकों को आदेश दे दिया गया है। कहा कि जैसे ही ब्योरा पहुंचेगा, प्रवासी परिवारों को राशन की व्यवस्था करवा दी जाएगी।