चंबा। करियां पंचायत के जंजला गांव में रहने वाले लोग तेंदुए के खौफ से सहमे हुए हैं। अब तक तेंदुआ गांव में 13 बकरियों और तीन बैलों को मार चुका है। इसके चलते ग्रामीण बच्चों को अकेला स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं।
इतना ही नहीं, लोग शाम ढलने के बाद अपने घरों से निकलने को लेकर परहेज कर रहे हैं। शुक्रवार को पंचायत प्रधान दिनेश राणा ग्रामीणों के साथ इस समस्या के समाधान के लिए उपायुक्त से मिले। इसमें पंचायत प्रधान ने उपायुक्त को बताया कि जंजला गांव में शाम के समय तेंदुए की दस्तक बढ़ रही है। गांव में छोटे बच्चों और मवेशियों को खतरा पैदा हो गया है। इसलिए लोगों की जिंदगी को ध्यान में रखते हुए तेंदुए को रिहायशी बस्ती से दूर रखने को लेकर उचित कदम उठाने की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने वन विभाग को निर्देश देने की गुहार लगाई है। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने संबंधित विभाग को इस मामले में उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।