डीए भुगतान और चिकित्सा बिलों के लिए तरसे पेंशनर
हिम आंचल पेंशनर संघ ब्लॉक चंबा की बैठक में उठाए मुद्दे
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। हिम आंचल पेंशनर संघ ब्लॉक चंबा की मासिक बैठक लक्ष्मण क्लब चंबा में हुई। इसकी अध्यक्षता नव निर्वाचित अध्यक्ष प्रेम सिंह ने की। बैठक में चंबा ब्लॉक की नई कार्यकारिणी का स्वागत किया गया। अब राज्य स्तरीय कार्यकारिणी के चुनाव शीघ्र ही प्रस्तावित हैं। इसमें चंबा ब्लॉक की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा। इस दौरान सदस्यों ने कहा कि सरकार ने घोषित डीए (महंगाई भत्ता) की किस्तें अब तक जारी नहीं की हैं। लगभग 13 माह से डीए का बकाया भुगतान लंबित है। सदस्यों ने सरकार से अपील की है कि वित्तीय लाभों को शीघ्र जारी किया जाए। चिकित्सा बिलों के भुगतान में हो रही देरी पर भी चर्चा हुई। यह तय किया कि भविष्य की बैठकों में सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे और कम उपस्थिति वाले सदस्यों से व्यक्तिगत संपर्क किया जाएगा। संघ ने सरकार से मांग की है कि सभी लंबित मुद्दों, डीए भुगतान, चिकित्सा प्रतिपूर्ति एवं बजट संबंधित बाधाओं को शीघ्र दूर किया जाए। पेंशनर वर्ग की आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निर्णय लिए जाएं। इस मौके पर शिवचरण चंद्रा, पवन बेदी, जीवन कुमार, परस राम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।