बनीखेत ब्लॉक की बैठक में सरकार के खिलाफ जताया रोष, रैलियां निकालने का लिया निर्णय
डीए एरियर, मेडिकल बिलों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। लंबित मांगों को लेकर हिम आंचल पेंशनर संघ ने सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। वीरवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में बलदेव राम वर्मा की अध्यक्षता में हुई बनीखेत ब्लॉक की बैठक में करीब 50 सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में तय किया गया कि मांगें पूरी न होने पर पहले ब्लॉक और जिला स्तर पर रैलियां निकाली जाएंगी। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व के माध्यम से राज्यस्तरीय आंदोलन होगा। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री के गृह जिला में भी रैली निकाली जाएगी।
पेंशनरों ने पांच प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्त से वंचित सदस्यों को लाभ देने, लंबित डीए एरियर जारी करने और हाईकोर्ट के शेष 13 प्रतिशत डीए संबंधी निर्णय को लागू करने की मांग उठाई। एक जनवरी 2016 से एक जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों का एरियर और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की घोषित 10 हजार रुपये की एरियर राशि जारी करने की मांग भी की गई। सदस्यों ने विभिन्न विभागों में लाखों-करोड़ों रुपये के मेडिकल बिल लंबित होने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई पेंशनरों को वर्ष 2022-23 के बिलों का भुगतान भी नहीं मिला है।
बैठक की शुरुआत संघ के वरिष्ठ सदस्य कृष्णा कनौजिया के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त देशराज और लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त तिलकराज संघ में शामिल हुए। जिला अध्यक्ष शिव कुमार कोड़ा भी बैठक में मौजूद रहे।