मेडिकल कॉलेज में एक्सरे करवाने के लिए भीड़ में खड़े मरीज। संवाद।
चंबा। पंडित जवाहर मेडिकल कॉलेज में मरीजों को अपने एक्सरे करवाने के लिए घंटों लाइनों में खड़े होना पड़ा। आपातकालीन कक्ष में लगी डिजिटल एक्सरे मशीन कक्ष के बाहर सुबह से लेकर शाम तक मरीजों की लंबी लाइनें लगी रहीं। मरीज यहां अतिरिक्त मशीन लगाने की मांग कर रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग व महिला मरीजों को हुई। लाइनें इतनी लंबी हो गईं कि मरीजों को ठंडे फर्श पर बैठकर अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ा। मरीजों की ऐसी हालत को देखते हुए शासन व प्रशासन को यहां एक्सरे मशीनों की संख्या बढ़ाने की उचित व्यवस्था करनी चाहिए।
मरीजों के तीमारदारों में सोभिया राम, सुभाष चंद, विनोद कुमार, संजय कुमार, महिंद्र सिंह, गुरमीत और जय सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज जिले में सबसे बड़ा स्वास्थ्य संस्थान है। गंभीर बीमारी का इलाज करवाने के लिए मरीज यहां आते हैं। अन्य सरकारी अस्पतालों में एक्सरे की सुविधा भी कम है। ऐसे में वहां से भी मरीज एक्सरे करवाने के लिए यहीं पहुंचते हैं। डिजिटल एक्सरे केंद्र के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रहती है। उन्होंने सरकार व जिला प्रशासन से मांग की है कि मरीजों की संख्या अनुसार यहां कम से कम तीन मशीनें स्थापित की जाएं।
मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता डॉक्टर मानिक सहगल ने बताया कि सरोल में मेडिकल कॉलेज का नया भवन बन रहा है। वहां पर मरीजों को इस प्रकार की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। अतिरिक्त मशीनें लगाने के लिए भी सरकार से मांग की जाएगी।