मेडिकल कॉलेज चंबा में अव्यवस्था का आलम
कर्मचारियों के मतदान के लिए जाने से हुई समस्या
चंबा। पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के मतदान के दिन मेडिकल कॉलेज चंबा में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। इंजेक्शन कक्ष में दोपहर तक कोई कर्मचारी तैनात न होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई मरीज बिना इंजेक्शन लगवाए लौट गए, जबकि कुछ लोगों को मजबूरन आपातकालीन कक्ष और निजी क्लीनिकों का सहारा लेना पड़ा। सुबह से ही इंजेक्शन लगवाने पहुंचे मरीज मेडिकल कॉलेज परिसर में इधर-उधर भटकते नजर आए। दोपहर करीब एक बजे के बाद मतदान कर लौटे कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे, जिसके बाद इंजेक्शन कक्ष में कामकाज सामान्य हो सका। मरीज प्यार सिंह, तेज राम, कैलाश कुमार, विपिन कुमार और रविंद्र कुमार ने बताया कि वे इंजेक्शन लगवाने अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन इंजेक्शन कक्ष बंद मिला। मजबूरी में उन्हें आपातकालीन कक्ष या निजी क्लीनिकों में पैसे खर्च कर इंजेक्शन लगवाने पड़े। लोगों ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज चंबा में अव्यवस्था लगातार बढ़ती जा रही है। कभी ग्लव्स, कभी इंजेक्शन और कई बार दवाइयों की कमी बनी रहती है। अब इंजेक्शन लगाने के लिए तैनात कर्मचारी भी ड्यूटी से नदारद मिले। इससे मुख्यालय सहित चुराह, डलहौजी, भरमौर-पांगी और भटियात क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को परेशान होना पड़ा। उधर, चिकित्सा अधीक्षक प्रदीप सिंह ने बताया कि मतदान के कारण कुछ कर्मचारी ड्यूटी पर देर से पहुंचे, जिससे दोपहर तक इंजेक्शन कक्ष की व्यवस्था प्रभावित रही। हालांकि, आपातकालीन कक्ष में सेवाएं लगातार जारी थीं। उन्होंने कहा कि दोपहर बाद व्यवस्था को सुचारु कर दिया गया।