श्रद्धालुओं से खचाखच भरी बस पहुंची भरमौर, यात्रा पूरी होने तक मिलेगी सेवा
शिव भक्तों की संख्या में बढ़ोतरी होने पर और भेजने की भी है तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मणिमहेश यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद शुरू हो गई है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पठानकोट डिपो की एक सरकारी बस मणिमहेश यात्रा के लिए रवाना की गई है।
यात्रियों से खचाखच भरी यह बस भरमौर पहुंच गई है और अब यात्रा अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाएगी।
बस को यात्रा समाप्त होने तक सेवा में रखने की योजना है। इससे पंजाब और आसपास के क्षेत्रों से मणिमहेश आने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पठानकोट डिपो से केवल एक सरकारी बस यात्रा के लिए लगाई गई है। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर आगामी दिनों में और बसें भेजी जा सकती हैं।
मणिमहेश यात्रा के दौरान चंबा-भरमौर मार्ग पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ बसों की मांग भी बढ़ रही है। ऐसे में अतिरिक्त बसें उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और यात्रा सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि मांग आने पर अन्य डिपो से भी बसें मंगवाई जाएंगी। फिलहाल पठानकोट डिपो की एक बस यात्रियों से भरी मणिमहेश यात्रा के लिए भेजी गई है।