सिहुंता (चंबा)। विधानसभा क्षेत्र भटियात के समोट बस स्टैंड में शौचालय के न होने से यात्रियों की दिक्कतें बढ़ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन से उक्त स्थान पर शौचालय बनाने की मांग उठाई है, लेकिन आज दिन तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में कई लोग खुले में ही शौच करने के लिए मजबूर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समोट बस स्टैंड के पास ही एक शौचालय बना था, लेकिन, उसका हालत बेहद बुरी है। गंदगी पसरी है। साथ ही दुर्गंध फैली रहती है। कहा कि यहां पहुंचने वाले यात्रियों को शौचालय न होने पर परेशानी झेलनी पड़ती है।
लोगों में विनोद कुमार, खेम राज, गोपाल कुमार, जगदीश, अशोक कुमार और मनोज कुमार ने कहा कि इसी बस स्टैंड में समोट, सिहुंता, चुवाड़ी, साहला, टुंडी सहित अन्य पंचायतों के लोग बस में सफर करने के लिए पहुंचते हैं। अगर यहां शौचालय बन जाए तो यात्रियों को इसका काफी लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग उठाई है कि जल्द से जल्द समोट बस स्टैंड में शौचालय बनाया जाए।
उधर, एसडीएम भटियात पारस अग्रवाल ने कहा कि यह मामला ध्यान में आया है। अगर पंचायत की ओर से प्रस्ताव मिलता है तो समस्या का समाधान करने के लिए उचित प्रयास किए जाएंगे।