भंजराड़ू-मंगली मार्ग पर टैक्सी की छत पर लदा लोहा व सरिया। स्रोत : जागरूक पाठक
चुराह (चंबा)। चुराह विधानसभा क्षेत्र में टैक्सी चालकों की लापरवाही और मनमानी यात्रियों की जान को खतरे में डाल रही है। भंजराडू-मंगली मार्ग पर रोजाना टैक्सी चालक अपनी टैक्सियों में सवारियों के साथ छत पर लोहा और सरिया ढोकर ले जा रहे हैं। इससे वाहन की भार क्षमता से अधिक लोड हो रहा है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोग और यात्री इस मनमानी से परेशान हैं, क्योंकि टैक्सी में सवारियां पहले ही ठूंस-ठूंस कर भरी होती हैं और साथ में छत पर लोहा और सरिया बांधकर ले जाया जा रहा है। मालवाहन वाहन में ही लोहा और सरिया को ढोने की अनुमति है, जबकि टैक्सी केवल सवारियों के परिवहन के लिए अधिकृत हैं। हालांकि इस खतरे के बावजूद न तो परिवहन विभाग और न ही पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है। इसके कारण स्थानीय क्षेत्र में यह जोखिमपूर्ण गतिविधि रोजाना जारी है।
एसडीएम चुराह अंकुर ठाकुर ने कहा कि टैक्सी में लोहा और सरिया ढोने वाले टैक्सी ऑपरेटरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएंगे।
भंजराड़ू-मंगली मार्ग पर टैक्सी की छत पर लदा लोहा व सरिया। स्रोत : जागरूक पाठक