चंबा सवारियों से खचाखच भरी परिवहन निगम की परवाणू रूट की बस में सफर करते यात्री।संवाद
चंबा। चंबा से परवाणू के लिए रवाना हुई एचआरटीसी बस में ठूंस-ठूंस की सवारियां भर दी गईं। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बस में 70 से अधिक सवारियां मौजूद थीं।
यात्रियों का कहना है कि बस में सवारियां अधिक होने की सूरत में दूसरी बस की व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने बताया कि इस बस में लोकल सवारियां अधिक थीं। मिंजर मेले के चलते खज्जियार जोत तक के यात्रियाें ने भी इस बस से आवाजाही की। बताया कि निगम प्रबंधन को सवारियां अधिक होने की सूरत में दूसरी बस की व्यवस्था लोकल रूट के लिए करनी चाहिए थी।
जानकारी के अनुसार यह बस चंबा बस स्टैंड से चार बजे परवाणू के लिए रवाना हुई। यात्रियों में अमरीश कुमार, राकेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, देवी चंद, उमेश कुमार का कहना है कि यह लंबी दूरी की बस है। ऐसे में इस बस में लोकल सवारियों को भी भरा गया। ऐसे में बस में काफी भीड़ हो गई। बताया कि एचआरटीसी प्रबंधन को मेले और त्योहार के मौके पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करनी चाहिए। उधर, आरएम शुगल सिंह ने कहा कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। कहा कि मेले को लेकर अतिरिक्त बसें लगाई गई है। इस बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।