लापरवाही बन सकती है हादसे का कारण, बस के आगे आने से बाल-बाल बचा बच्चा
वर्कशॉप में मरम्मत के लिए खड़ी बसों में आकर बैठ जाती हैं सवारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। बस में सीट पाने की जल्दबाजी कई यात्रियों की जान पर भारी पड़ सकती है। चंबा बस डिपो में इन दिनों यात्रियों की लापरवाही हादसे के खतरे को बढ़ा रही है।
चालक बार-बार यात्रियों को वर्कशॉप में जाने से मना कर रहे हैं। बावजूद इसके कई लोग बस की सीट सुरक्षित करने के लिए वर्कशॉप तक पहुंच रहे हैं।
हाल ही में चंबा डिपो में एक बड़ा हादसा होने से टल गया था जब एक बच्चा बस के आगे आ गया था और चालक की सतर्कता से वह बाल-बाल बच गया। इस घटना के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं हो पाया है। यात्री अब भी अपनी जान जोखिम में डालकर वर्कशॉप क्षेत्र में पहुंच रहे हैं।
यात्रियों की यह जल्दबाजी कभी भी हादसे का कारण बन सकती है। वर्कशॉप में बसों की आवाजाही रहती है। चालक बसों को आगे-पीछे करते रहते हैं। ऐसे में किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका रहती है। यात्रियों को कई बार समझाते हैं कि बस खड़ी होने के बाद ही उसके पास जाएं और वर्कशॉप में प्रवेश न करें लेकिन सीट मिलने की चिंता में लोग उनकी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं।
प्रांतीय उपप्रधान ओम शंकर ने कहा कि वर्कशॉप में सवारियों के लिए रोक लगाई जाएगी। कई सवारियां सीट के लिए बस अभी मरम्मत के लिए खड़ी होती हैं तो बस में बैठ जाते हैं। कई बार हादसे होते होते बचे हैं।