चंबा। शहर के विभिन्न वार्डों में खस्ताहाल रास्तों से लोगों को जल्द छुटकारा मिलेगा। नगर परिषद ने विकास कार्य शुरू करने को लेकर टेंडर अवार्ड कर दिए हैं। वार्डों में पार्किंग, स्ट्रीट लाइटों और नालियों का कार्य किया जाएगा।
इससे लोगों का काफी राहत मिलेगी। बीते कई सालों से वार्डों में विकास कार्य नहीं हो पा रहे थे। नगर परिषद की बैठक में कई बार विकास कार्य को लेकर चर्चा की गई, लेकिन यह चर्चा बैठक तक ही सीमित रही। विकास कार्य को लेकर पार्षदों ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना-प्रर्दशन भी किया था। इसके बाद नगर परिषद ने विकास कार्य के टेंडर कर ठेकेदारों को आवंटित किए। टेंडर खुलने के बाद अब नगर परिषद ने जल्द वार्डों में विकास कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि नगर परिषद के अधीन आते 11 वार्डो में विकास कार्य का काफी अभाव है। यहां, सड़कें खस्ताहाल हैं, स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, नालियां और लोहे के जाले टूट गए हैं।
नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में विकास कार्य करने को लेकर टेंडर हुए है। टेंडर ठेकेदारों को अवार्ड भी कर दिए है। अब जल्द ही वार्डों में विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।