चुराह (चंबा)। चुराह क्षेत्र की राजकीय प्राथमिक पाठशाला भराड़ प्रथम में चौथे दिन भी अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा। अभिभावकों की मांग है कि जब तक स्कूल में दूसरा अध्यापक नहीं आता है, तब तक बच्चों को नहीं भेजेंगे।
अभिभावकों का कहना है कि स्कूल में इन दिनों एफए द्वितीय की परीक्षा चली है, मगर शिक्षा विभाग बच्चों के भविष्य को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। जिला मुख्यालय में बैठे अधिकारी अभी तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। गौरतलब है कि उक्त स्कूल में एक अध्यापक तैनात है। स्कूल में बच्चों की संख्या 82 है। स्कूल में मापदंड के हिसाब से भी शिक्षक नहीं हैं। बहरहाल, अभिभावकों का रोष जारी है। अभिभावकों में नंद लाल, हिना, पुष्पा, अजय कुमार, मुकेश कुमार, बिना कुमारी ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से अध्यापकों की तैनाती नहीं की जा रही है। ऐसे में उनके बच्चों को नाममात्र की ही शिक्षा मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। कहा कि इस बारे में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे और व्यवस्था बनाने के लिए कहा जाएगा।
स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष योगराज ने कहा कि जब तक अध्यापकों की तैनाती नहीं होगी, वे अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। कहा कि केंद्रीय मुख्य शिक्षक ने शुक्रवार को बैठक करने बारे जानकारी दी है।