खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विट्जरजैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार में पैराग्लाइडिंग पर रोक लगा दी गई है। 15 सितंबर तक पैराग्लाइडर उड़ान नहीं भर सकेंगे। जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों को इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
निर्देशों में स्पष्ट किया है कि अगर कोई पैराग्लाइडिंग करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बरसात के मौसम के चलते विभाग ने ये निर्देश जारी किए हैं। विभाग की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद किसी प्रकार की अप्रिय घटना पर रोक लगाना है।
जानकारी के अनुसार पर्यटन स्थल खज्जियार में दड़ोता से लाहरा और लाहरा से दड़ोता के लिए पैराग्लाइडिंग साइट चिह्नित की गई है। पर्यटन सीजन के दौरान पैराग्लाइडर यहां से उड़ान भरते हैं। पर्यटक भी पैराग्लाइडिंग का आनंद उठाते हैं। बरसात के मौसम में पैराग्लाइडिंग करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। ऐसे में विभाग ने उड़ानों पर रोक लगा दी है। वहीं, बरसात के चलते पर्यटन स्थल खज्जियार में पर्यटकों की संख्या भी कम हुई है। वर्तमान में इक्का-दुक्का पर्यटक ही पहुंच रहे हैं। बाहरी राज्यों से पर्यटकों की आमद काफी कम हो गई है। माना जा रहा है अब सितंबर के दूसरे सप्ताह के बाद ही पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि बरसात के मौसम के चलते पर्यटन स्थल खज्जियार में पैराग्लाइडिंग पर रोक लगा दी है। इस बारे में सभी पैराग्लाइडरों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।