चंबा की खिरडी धार में मिला जहाज नुमा पाकिस्तानी गुब्बारा।संवाद
पुलिस ने कब्जे में लिया, सेना को भी दी सूचना, गुब्बारे पर लिखा है पीआईए
सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क, लोगों से संदिग्ध वस्तु दिखने पर सूचना देने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। उपमंडल डलहौजी के चलाड़ी गांव के पीआईए (पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस) लिखा संदिग्ध गुबारा मिला है। इससे लोगों में हड़कंप मच गया। इस घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डलहौजी के डीएसपी मयंक शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गुब्बारे को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में यह गुब्बारा संदिग्ध पाया गया। इसके चलते सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
पुलिस भी इस तरह की घटनाओं को हल्के में नहीं ले रही है। गुब्बारे को जब्त कर लिया गया है। इसकी जानकारी सेना मुख्यालय को दे दी गई है। अब आगे की जांच और कार्रवाई सेना की ओर से की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखाई दें तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें। स्वयं उसे छूने या हटाने की कोशिश न करें। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। गौरतलब है कि इससे पहले सलूणी और साहो क्षेत्र में भी इस तरह के गुब्बारे मिल चुके हैं। ऐसे गुब्बारे मिलने के बाद कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है लेकिन पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। खुफिया एजेंसी के जरिये भी इसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा ने कहा कि इस तरह का मामला सामने आया है। पुलिस सतर्क है। गुब्बारे को जब्त कर लिया है। इसकी जानकारी सेना मुख्यालय को दे दी गई है।