प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मिली सड़क के निर्माण की मंजूरी
लोक निर्माण विभाग ने करवाए टेंडर, जल्द शुरू हो सकता है कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी की चलोली सड़क अब चकाचक होने वाली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण चार के तहत पांच करोड़ 60 लाख रुपये से इस सड़क को पक्का किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने टेंडर भी करवा दिए हैं।
सर्दी का मौसम खत्म होते ही ठेकेदार इस कार्य को शुरू कर सकता है। कच्ची सड़क पर टारिंग के साथ-साथ क्रैश बैरियर भी लगाए जाएंगे ताकि दुर्घटना की संभावनाओं को कम किया जा सके। ढाई किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कुछ वर्ष पहले किया गया था लेकिन कच्ची सड़क होने से वाहन चालक और राहगीर काफी परेशान थे। अब वहां वाहन चालकों को कोई भी परेशानी नहीं होगी।
स्थानीय निवासी मनोज कुमार, हंसराज, प्रताप सिंह, केवल, भाग चंद, सुरेश, जोगेंद्र और रवि कुमार ने बताया कि चलोली सड़क पर सफर करने वाले लोगों को वाहनों पर हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे। समतल सड़क पर सुगम सफर की प्राप्ति होगी। उन्होंने सरकार और विभाग से मांग की है कि इस कार्य को शीघ्र शुरू करवाया जाए। साथ ही गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। क्योंकि, पांगी घाटी में भारी बर्फबारी होती है, ऐसे में घटिया कार्य जल्द ही खराब भी हो सकता है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि कुमार शर्मा ने बताया कि चलोली सड़क को पक्का करने के लिए टेंडर हो चुका है। जल्द ही इस कार्य को शुरू करवाया जाएगा। गुणवत्ता जांच के लिए वह स्वयं भी कार्य का निरीक्षण करेंगे।