चंबा के पांगी में फुल यात्रा में कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति देती कलाकार। स्त्रोत जागरूक पाठक
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी के जिला स्तरीय और ऐतिहासिक फुल यात्रा उत्सव का समापन हो गया। आखिरी सांस्कृतिक संध्या सुनीता भारद्वाज और आकाश के नाम रही।
गणेश वंदना के साथ सुनीता भारद्वाज ने कार्यक्रम का आगाज किया। कलाकारों ने पंगवाली और हिंदी गानों पर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। फुल यात्रा उत्सव तीन दिन तक चला। इस दौरान पीएमश्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किलाड़ में प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इनमें विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। कबड्डी प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय पांगी की टीम विजेता, पीएमश्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किलाड़ की टीम उपविजेता रही। वॉलीबाल में वेली किंग की टीम विजेता रही। राजकीय महाविद्यालय पांगी की टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन प्रतियोगिता में मनीष विजेता और उपविजेता सौरभ राणा रहे। विजेताओं को नकद इनाम दिया गया। आवासीय आयुक्त पांगी रमन घरसंगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। फुल यात्रा उत्सव कमेटी अध्यक्ष केदार राणा कल्चर कमेटी अध्यक्ष सतीश शर्मा ने मुख्य अतिथि को सम्मानित कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।