पांगी (चंबा)। पांगी में बुधवार को पंचायत समिति अध्यक्ष के बैठक में उपस्थित न होने पर पंचायत समिति के सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए विकास खंड अधिकारी पांगी को ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही जल्द बैठक न होने पर अनिश्चितकाल हड़ताल करने का अल्टीमेटम दे दिया है।
पंचायत समिति सदस्यों वीर सिंह राणा (धरवास), मोहिंद्र शर्मा कुमार, अश्वनी कुमार शर्मा (प्रधान साहली), गुड़ी देवी (लुज), सेबो देवी (साच), नरोत्तम भारद्वाज (पुर्थी), किशनी चौहान (सुराल)और मोहिंद्र राणा (साहली) का कहना है कि पंचायत समिति की बैठक पहले ही छह महीने के बाद की जा रही थी। इसके बाद भी पंचायत समिति अध्यक्ष बैठक से नदारद रहे।
उन्होंने कहा कि घाटी में लोगों को सर्दियों का राशन तक नहीं मिल रहा है। 30 प्रतिशत लोग बिना राशन के हैं। पिछले तीन सालों से समिति की बैठक में घाटी के विकास से संबंधित मुद्दे उठाए जा रहे हैं। विभागों से उनका कोई जवाब नहीं मिलता है। इसके अलावा इस दिशा में क्या कार्रवाई होती है, इसकी भी कोई जानकारी नहीं मिल पाती है। उन्होंने कहा कि एक्शन टेकन रिपोर्ट किसी सदस्य को उपलब्ध नहीं करवाई जाती हैं।
महाविद्यालय में सहायक प्रोफेसरों के पद कई समय से खाली हैं। गत सर्दियों में साच-धरवास के लिए हवाई उड़ाने नहीं करवाई गई। घाटी में सर्दियों में स्कूलों में छुट्टियों के बाद मार्च में बोर्ड की परीक्षाएं करवाई जाती है जबकि यह दिसंबर में होनी चाहिए। इस बारे में कई बार मुदा उठाया गया है। लेकिन जवाब आज तक नहीं आया है।
इसके अतिरिक्त अन्य कई ऐसे जनता से जुड़े मुद्दे हैं, जिन पर कोई गौर नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैठक से अगर पंचायत समिति अध्यक्ष ही नहीं आएंगे तो किस आधार पर बैठक में मुद्दों की चरचा कर उनका हल निकाला जा सकता है।
इनसेट
विकास खंड अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि बताया कि बुधवार को पंचायत समिति की बैठक में पंचायत समिति के अध्यक्ष न पहुंचने पर पंचायत समिति सदस्यों ने मांगों के बारे में उन्हें ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि समिति की आगामी बैठक 15 दिनों के बाद बुलाई गई है।