4.75 लाख रुपये मैदान के रखरखाव और सौंदर्यीकरण पर होंगे खर्च
21 से 24 जून तक होगा जिला स्तरीय आषाढ़ नाग मेला
बड़ी माली के विजेता पहलवान को मिलेंगे 71 हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। जिला स्तरीय आषाढ़ नाग मेले के आयोजन के लिए मेला ग्राउंड पधर 47 लाख 50 हजार रुपये में नीलाम हुआ है। स्काई हाई इवेंट्स फर्म ने सबसे ऊंची बोली लगाई।
प्रशासन ने इस बार महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि मेला ग्राउंड से प्राप्त आय का 10 प्रतिशत अर्थात 4 लाख 75 हजार रुपये मेला समाप्त होने के बाद पधर मैदान के रखरखाव और सौंदर्यीकरण कार्यों पर खर्च किए जाएंगे।
इस वर्ष नाग देवता की भव्य झांकी मुख्य अतिथि के मंदिर पहुंचने के बाद मेला ग्राउंड से ही शुरू की जाएगी। 21 से 24 जून तक होने वाले चार दिवसीय मेले में सांस्कृतिक संध्याओं के साथ विभिन्न कार्यक्रम भी होंगे। 22 जून को पारंपरिक दंगल होगा। इसमें दो मालियां करवाई जाएंगी। दंगल कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने बताया कि बड़ी माली के विजेता पहलवान को 71 हजार व उपविजेता को 51 हजार और छोटी माली के विजेता को 51 हजार रुपये व उपविजेता को 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बनीखेत के चिनार पैलेस में उपमंडल अधिकारी (नागरिक) डलहौजी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।
जिला भाषा अधिकारी मुकेश शर्मा ने बताया कि सरकार ने मेले को जिलास्तरीय दर्जा दिया है। प्रशासन ने सभी विभागों और स्थानीय संगठनों से आपसी समन्वय के साथ मेले को सफल बनाने का आह्वान किया है।