चौबिया की डूगी घार में फुट रॉट बीमारी से पीड़ित बकरी का उपचारकरते पशु पालन विभाग की टीम।वि
भरमौर (चंबा)। चौबिया पंचायत की डूगी धार में 600 से अधिक भेड़-बकरियों का झुंड फुट रॉट जैसी संक्रामक बीमारी की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही चौबिया पशु चिकित्सालय से डॉ. दीक्षांत कंवर और पशु औषधि सहायक कश्मीर सिंह राणा की टीम मौके पर रवाना हुई। टीम को चौबिया से आठ किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई और कठिन रास्तों से गुजरकर धार तक पहुंचने में करीब आठ घंटे लगे। इसके बाद दो दिन तक लगातार भेड़-बकरियों को प्राथमिक उपचार दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि यदि समय पर उपचार न किया जाए तो इस रोग से पशुओं की मौत तक हो सकती है। चिकित्सीय टीम की यह पहल पशुधन को बचाने और स्थानीय पशुपालकों की आजीविका सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
ये होते हैं लक्षण
डॉ. दीक्षांत कंवर ने बताया कि फुट रॉट बीमारी में पैरों की इंटरडिजिटल त्वचा में सूजन, बदबूदार दरारें और लंगड़ापन दिखाई देता है। यह बैक्टीरिया से फैलने वाला रोग है। समय पर उपचार और स्वच्छता ही इसका सबसे बड़ा बचाव है।
बचाव के उपाय
बीमार भेड़ को झुंड से अलग रखें।
जिस रास्ते से संक्रमित झुंड गुजरा हो, उस रास्ते पर सात-आठ दिन तक अपने झुंड को न ले जाएं।
भेड़ों के खुरों की नियमित सफाई करें।
खुरों को नीले थोथे (कॉपर सल्फेट) के घोल से धोएं।
खुर में घाव होने पर एंटीबायोटिक मलहम लगाएं।
चिकित्सक की सलाह के अनुसार 4-5 दिन तक एंटीबायोटिक इंजेक्शन लगवाएं।