संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। विधानसभा क्षेत्र चुराह की डुगली पंचायत में घर के डंगे से नीचे गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश चंद पुत्र जुल्मी राम निवासी गांव भांगा पंचायत डुगली के रूप में हुई है। जोकि शनिवार रात को कमरे से शौचालय की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान घर के डंगे से अचानक उसका नियंत्रण बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के बाकी लोग भी बाहर निकल आए। परिजनों ने घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए सुरंगानी अस्पताल पहुंचाया।
यहां पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे चंबा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। परिजन उसे सुरंगानी से चंबा मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने इस मामले को आईपीसी की धारा 174 के तहत करवाई की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि डंगे से गिरने से व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।