चमेरा चरण द्वितीय पावर स्टेशन करवाएगा विकास के काम
पावर स्टेशन प्रमुख ने वार्ड सदस्य महिंदर कुमार के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
धरवाला (चंबा)। चमेरा चरण द्वितीय पावर स्टेशन के प्रमुख अजय श्रीवास ने बग्गा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर वार्ड सदस्य महिंदर कुमार के साथ बैठक की।
बैठक में बग्गा बांध के आसपास चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान एनएचपीसी प्रमुख ने बताया कि बग्गा ब्रिज से डैम तक पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण कार्य लगभग 27 लाख की लागत से प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त आरडी 400 से आरडी 500 तक पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण का कार्य लगभग 13 लाख की लागत से किया जाना है जो वर्तमान में टेंडर प्रक्रिया में है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि आरडी 880 से आरडी 1200 तक प्रस्तावित 61 लाख का सड़क निर्माण कार्य अभी टेंडरिंग चरण में है, उसे भी शीघ्र प्रारंभ कर अतिशीघ्र पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर वार्ड सदस्य ने बग्गा क्षेत्र में एक रेन शेड तथा स्कूल के लिए खेल मैदान के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में रेन शेड के अभाव में स्थानीय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्कूल के बच्चों के पास खेल के लिए कोई उपयुक्त मैदान उपलब्ध नहीं है। इन सुविधाओं के निर्माण से स्थानीय निवासियों के साथ मणिमहेश यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ मिलेगा। पावर स्टेशन प्रमुख अजय श्रीवास ने आश्वासन दिया कि सभी विकास कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाएगा। वार्ड सदस्य के प्रस्तावों पर वित्तीय वर्ष 2026–27 के सीएसआर बजट के तहत विचार किया जाएगा।