संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। होम क्वारंटीन व्यक्ति के साथ नौ लोग मंदिर में माथा टेकने के लिए पहुंच गए। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें संस्थागत क्वारंटीन कर दिया है। वहीं प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया कि वह नियमों की पालन करें।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बाहर से भरमौर क्षेत्र में आए एक व्यक्ति को होम क्वारंटीन में रहने के निर्देश दिए गए थे। मगर होम क्वारंटीन नियमों की पालना करने की बजाए व्यक्ति मंदिर में माथा टेकने के लिए निकल पड़ा। इतना ही नहीं उसे ऐसा करने से रोकने की बजाए अन्य नौ लोग भी उसके साथ मंदिर रवाना चल पड़े।
जब मंदिर में इतने ज्यादा लोग एक साथ इकट्ठा पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने सूचना के आधार पर जांच पड़ताल की। पुलिस की छानबीन में पता चला कि एक व्यक्ति जिसे होम क्वारंटीन किया है, वह अपने साथ अन्य लोगों को मंदिर लेकर आया है।
इसके चलते पुलिस ने होम क्वारंटीन किए व्यक्ति के साथ अन्य सभी लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इसमें पुलिस ने श्याम लाल, जैसी राम, निछू, सुरिंद्र, कर्म, पंकज, मदन लाल, यशपाल और भोलू सभी निवासी गांव नाल डाकघर कुंर के खिलाफ आईपीसी की धारा 188, 269, 270 व डीएम एक्ट की धारा 51 के अंतर्गत पुलिस थाना भरमौर में मुकदमा पंजीकृत किया है।
इतना ही नहीं इन सभी लोगों को पुलिस ने संस्थागत क्वारंटीन सेंटर में भेज दिया है। यहां पर इन लोगों को 14 दिनों तक क्वारंटीन किया किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि होम क्वारंटीन किए व्यक्ति के साथ मंदिर में जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।