सुरंगानी (चंबा)। विकासखंड सलूणी की ग्राम पंचायत बयाणा में बैरास्यूल खड्ड का जलस्तर बढ़ गया है। एक तरफ जहां भारी बारिश कहर बरपा रही है वहीं बैरास्यूल खड्ड के उफान पर आने की वजह से लोगों के घरों को खतरा पैदा हो गया है। किसानों की फसल खेतों में बिछ गई है। सोमवार को प्रशासन की ओर से सलूणी के एसडीएम ईशांत जसवाल और तहसीलदार विनोद कुमार टंडन ने स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने एनएचपीसी के अधिकारियों से भी बात की और सुरंगानी से सात परिवारों को एनएचपीसी की कॉलोनी में शिफ्ट किया। इनमें नरसिंह, अमीचंद, गंगाराम, दिशो देवी, खेम राज, जालम, नरैण के परिवारों को एनएचपीसी के क्वार्टरों में शिफ्ट कर दिया गया है। इस मौके पर भाजपा विधायक डीएस ठाकुर ने भी सुरंगानी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और हरसंभव मदद करने का भरोसा दिया। ग्राम पंचायत ब्याणा की प्रधान निशा देवी और उपप्रधान अजय भारद्वाज भी मौके पर माैजूद रहे और उन्होंने लोगों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा।