चिट्टे की सूचना देने पर मिलेगा 21,000 रुपये इनमाम
द्रम्मण पंचायत प्रतिनिधियों ने लिया फैसला
काथला गांव में किया बैठक का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चिट्टे की चेन को तोड़ने के लिए अब पंचायतों का भी सहयोग मिलना आरंभ हो गया है। ग्राम पंचायत द्रम्मण के प्रतिनिधि ने चिट्टे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना देने वाले को 21,000 रुपये का इनाम देने का निर्णय लिया है। इतना ही नहीं, गुप्त सूचना देने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाएगा। मंगलवार को द्रम्मण पंचायत के काथला गांव में काली माता महिला मंडल काथला की ओर से चिट्टे के खिलाफ सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस चौकी सुल्तानपुर से दीपक कुमार और राज कुमार बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। पुलिस विभाग के साथियों ने चिट्टे के बढ़ते प्रचलन, उसके दुष्प्रभाव और रोकथाम के लिए विशेष रूप से जागरूक किया। इस आयोजन में ग्राम पंचायत द्रम्मण के प्रधान पवन कुमार और भलेई कॉलेज के प्राचार्य सरदारी शर्मा ने भी लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई को परिवार, समाज और प्रशासन के स्तर पर एक जिम्मेदारी की तरह लड़ना पड़ेगा। पंचायत प्रधान पवन कुमार ने यह भी आग्रह किया कि चिट्टे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना देने वाले को 21,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा। महिला मंडल के सदस्यों ने संकल्प लिया कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई को हम एकजुट होकर लड़ेंगे और प्रशासन का भी पूरा सहयोग देंगे। इस मौके पर महिला मंडल प्रधान कुंता शर्मा, युवा नेता अनिल कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।