दिवाली पर खरीदारी करने को लेकर उमड़ी लोगों की भीड़। संवाद
चंबा। दिवाली के मौके पर जीएसटी कटौती और विभिन्न उत्पादों पर दी गई रियायतों के कारण आभूषण, वाहन और घरेलू सामान की खरीदारी में जबरदस्त इजाफा हुआ है। इस साल कारोबारियों ने 35 प्रतिशत अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया है। वहीं, ग्राहकों ने छूट का जमकर लाभ उठाया।हालांकि सोने-चांदी के दाम में उछाल आया है, फिर भी सोने-चांदी के आभूषण और चांदी के सिक्कों की खरीद-फरोख्त में वृद्धि हुई है। व्यापारी वर्ग इस वर्ष के कारोबार से अत्यधिक संतुष्ट है और कहा कि उन्हें मां लक्ष्मी की कृपा से आगे भी अच्छे मुनाफे की उम्मीद है।
पिछले साल के मुकाबले इस बार आभूषणों की खरीदी में बढ़ोतरी हुई है। जीएसटी में दी गई छूट ने लोगों को आकर्षित किया। मुनाफे में 35 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। पुलकित महाजन, स्थानीय स्वर्णकार
धनतेरस और दिवाली के अवसर पर वाहनों की बिक्री में भी जबरदस्त वृद्धि हुई है। लोगों ने खूब खरीदारी की। जीएसटी में मिली छूट ने इसे और आकर्षक बना दिया। मयूर महाजन, वाहन विक्रेता
पिछले साल के मुकाबले इस बार बाजार में बहुत अधिक रौनक रही। लोगों ने सामान की जमकर खरीदारी की। यह साल बेहतरीन कारोबार का संकेत है। रितेश चंद्रा, दुकानदार
धनतेरस से लेकर दिवाली तक के मौके पर मां लक्ष्मी ने व्यापारी वर्ग और दुकानदारों पर अपनी दया दिखाई। कारोबार में हुई बढ़ोतरी ने इस बार बड़ी राहत दी है। विरेंद्र महाजन, अध्यक्ष, व्यापार मंडल चंबा