चंबा। सपड़ी स्थित पुराने बस स्टैंड में वाहनों की पार्किंग का जिम्मा अब निजी ठेकेदार के हाथों रहेगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन की ओर से 29.7 लाख रुपये में 11 महीनों के लिए पार्किंग को निजी ठेकेदार को सौंप दिया है। इसी क्रम में सोमवार से निजी ठेकेदार ने कार्य करना भी आरंभ कर दिया है। इससे पूर्व एचआरटीसी प्रबंधन के कर्मचारी ही पुराने बस स्टैंड में पार्किंग में वाहन लगाने और उनसे पार्किंग शुल्क वसूलने का कार्य संभालते आ रहे हैं।
जिला मुख्यालय चंबा में पार्किंग के अभाव में सड़क के किनारे या गलियों में ही दोपहिया वाहन चालक अपने वाहनों को पार्क करते आ रहे हैं। इसके अलावा निजी चौपहिया वाहनों को पार्क करने के लिए लोग चौगान नंबर तीन, राजीव गांधी कॉॅम्पलैक्स, पक्काटाला मोहल्ले में स्थित पार्किंग में ही अपने वाहनों को पार्क करने के लिए मजबूर हैं। शहर में पार्किंग के अभाव में कई वाहन चालक को चाह कर भी अपने वाहनों को लेकर शहर में प्रवेश नहीं करते हैं। इसी क्रम में अब पुराने बस स्टैंड में स्थित निगम की पार्किंग को प्रबंधन की ओर से निजी ठेकेदार को सौंप दिया गया है। प्रबंधन की ओर से प्रति माह अमूमन 2.70 लाख रुपये में पुराने बस स्टैंड सपड़ी स्थित पार्किंग के कार्य ठेकेदार को सौंपा गया है। एचआरटीसी के आरएम शुगल सिंह ने बताया कि 2.70 हजार प्रति माह की दर से ठेकेदार को पुराने बस स्टैंड की पार्किंग सौंप दी गई है। 11 महीनों के लिए इसकी राशि 29.7 लाख रुपये बनेगी।