चंबा। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में जिले में आयोजित 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का समापन हुआ। इस दौरान चंबा, मैहला, सलूणी, तीसा, भटियात, पांगी, भरमौर और चुवाड़ी बाल विकास परियोजनाओं के तहत पोषण एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा ने बताया कि पोषण माह का उद्देश्य बच्चों, किशोरियों, गर्भवती और धात्री महिलाओं सहित आम लोगों को संतुलित आहार, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और वृत्त पर्यवेक्षकों ने गृह भ्रमण, पोषण परामर्श, पोषण शपथ, पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शन और स्थानीय खाद्य पदार्थों के उपयोग को बढ़ावा देने जैसी गतिविधियां कीं। इस दौरान बच्चों की वृद्धि की निगरानी, कम वजन और कुपोषण की पहचान तथा अभिभावकों को आवश्यक परामर्श देने पर विशेष ध्यान दिया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि पोषण केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताते हुए सुपोषित चंबा के लक्ष्य के लिए पोषण संबंधी गतिविधियां निरंतर जारी रखने का आह्वान किया। संवाद