चंबा। भारत सरकार के अपनी पूंजी, आपका अधिकार अभियान के तहत ग्राम पंचायत हरिपुर में एक शिविर का आयोजन किया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक डीसी चौहान ने बताया कि वर्तमान में जिले में अज्ञात जमा खातों की संख्या 40,000 से अधिक है। शिविर के माध्यम से नागरिकों को यह जानकारी दी गई कि वे अपनी अज्ञात जमा राशि को आसानी से कैसे प्राप्त कर सकते हैं और इस प्रक्रिया में उन्हें कौन-कौन सी सहायता उपलब्ध होगी। शिविर में 20 अज्ञात जमा राशियां, एक प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा और एक प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का क्लेम मुख्य अतिथि भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक अनुपम किशोर के हाथों से वितरित किया गया। इस शिविर में भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक शंकर सिंह, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक विजय कुमार, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के जिला प्रबंधक हेम राज और जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड राकेश कुमार भी शिविर में उपस्थित रहे।